चंदौली। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (IPPB) की ओर से चंदौली जिले में 'उड़ान पावर प्ले' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह इंडिविजुअल बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट (IBC) को सम्मानित किया गया।
इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के मैनेजर ओम नारायण गुप्ता ने प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति शील्ड देकर अरुण कुमार मौर्य, फजल हयात, कुमकुम, राकेश श्रीवास्तव, सूरज और शिव प्रकाश को सम्मानित किया। उन्होंने सभी बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट्स के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया।
अरुण कुमार मौर्य बने आकर्षण का केंद्र
सम्मान समारोह में बबुरी रोड स्थित प्रिया कंप्यूटर जनसेवा केंद्र के संचालक एवं आईबीसी अरुण कुमार मौर्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने पूरे चंदौली जिले में सबसे अधिक इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक खाते खोलने का रिकॉर्ड बनाया। उनकी इस उपलब्धि पर बैंक अधिकारियों और उपस्थित कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बिना पैन कार्ड के भी खुलेगा IPPB खाता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मैनेजर ओम नारायण गुप्ता ने बताया कि अब इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में खाता खोलने के लिए पैन कार्ड की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। उन्होंने कहा कि एनपीसीआई (NPCI) आधारित प्रक्रिया के माध्यम से अब बिना पैन कार्ड के भी पात्र नागरिक आसानी से अपना बैंक खाता खुलवा सकते हैं। उन्होंने लोगों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
सरकारी योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ
उन्होंने बताया कि इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के खाते के माध्यम से छात्रवृत्ति, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और वित्तीय समावेशन को और मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर अरुण कुमार, चंदन कुमार, आशीष मिश्रा, सुनील कुमार सहित बैंक के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments (0)