फर्जी आधार, पोस्टमैन और कुरियर गिरोह का पूरा तरीका उजागर, 


वाराणसी कमिश्नरेट की थाना सिगरा पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम ने प्रदेशव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन सी वाई वज्र’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने साइबर अपराधियों को फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला सरगना और बैंक किट की डिलीवरी में शामिल एक पोस्टमैन समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी देशभर में सक्रिय साइबर ठगों को बैंक खाते, चेकबुक, पासबुक और डेबिट कार्ड सप्लाई कर रहे थे। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त नीतू काद्यान, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन/साइबर नोडल नृपेन्द्र कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को 26 जुलाई 2026 को महमूरगंज स्थित ओम पब्लिक स्कूल तिराहे से गिरफ्तार किया गया।

गिरोह के खिलाफ बिहार, कर्नाटक, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, हरियाणा, महाराष्ट्र, असम और मणिपुर सहित विभिन्न राज्यों में कुल 21 साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं। इन मामलों में अब तक ₹76,44,476.97 की ठगी की पुष्टि हुई है। थाना सिगरा में मुकदमा संख्या 0332/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह पहले लोगों को पैसों का लालच देकर उनके आधार कार्ड में दर्ज स्थायी पते को फर्जी तरीके से बदलकर सिगरा क्षेत्र का पता दर्ज कराता था। उसी फर्जी आधार पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए जाते थे। खाता खुलने के बाद चेकबुक, पासबुक और डेबिट कार्ड वाली बैंक किट नए पते पर पहुंचने से पहले ही गिरोह पोस्टमैन से संपर्क कर हासिल कर लेता था।

इसके बाद बैंक किट और खाते से लिंक मोबाइल सिम को पैक करके कुरियर के जरिए देशभर के साइबर ठगों तक पहुंचा दिया जाता था। ये ठग इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन फ्रॉड में करते थे। आरोपियों के कब्जे से चार चेकबुक, तीन सीलबंद चेकबुक, तीन सीलबंद डेबिट कार्ड, 11 पासबुक, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो पैन कार्ड और तीन कूटरचित आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे साइबर नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। थाना सिगरा पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।