वाराणसी। शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले एक निजी विद्यालय में नन्हे बालक के साथ जघन्य घटना सामने आई है। थाना लालपुर अंतर्गत अच्छा रोड बेनीपुर स्थित सेरेने सोनी प्ले स्कूल काशी इनक्लेव कॉलोनी कैंपस, अकथा में कक्षा नर्सरी के लगभग 5 वर्षीय छात्र अस्तित्व जायसवाल के साथ शुक्रवार को यह घटना हुई। बालक के पिता केशरी जायसवाल अधिवक्ता ने बताया कि स्कूल की महिला टीचर प्रीति कुशवाहा ने अबोध बच्चे के प्राइवेट पार्ट को गर्म चाकू से जला दिया। पिता के अनुसार बच्चे के साथ मारपीट भी की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पिता स्कूल पहुंचे और प्रबंधक निरूपा सिंह तथा प्रिंसिपल हेमलता सिंह से बात की। दोनों ने बेरूखी प्रतिक्रिया देते हुए धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया। प्रबंधक ने कहा कि तुम मेरा कुछ बिगाड़ नहीं सकते, जो करना हो जाकर कर लो। प्रिंसिपल का भी बेरुखी बयान से छात्र के पिता को आघात हुआ।
इसके बाद पिता ने शनिवार को थाना लालपुर पाण्डेयपुर में लिखित तहरीर दी। लेकिन स्कूल प्रबंधन के प्रभावशाली दबाव के कारण थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बालक की पीड़ा को नजर अंदाज करते हुए मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किया। इस मामले को गंभीरता से नहीं लेते हुए थाना प्रभारी के ऊपर अधिवक्ता समाज के लोगों ने इस पूरे मामले पर रोष जताया। छात्र के पिता ने कहा कि जब स्कूल प्रबंधक से घटना की जानकारी लेने की कोशिश की गई तो गाली-गलौज करते हुए उन्हें स्कूल से बाहर निकाल दिया गया। अबोध बच्चे के साथ हुई जघन्य घटना के बावजूद पुलिस और प्रशासन का रवैया संतोषजनक नहीं है। कैट एसीपी से भी इस मामले की जानकारी ली गई तो उन्होंने मीडिया को हीला-हवाली करते हुए कहा कि उन्हें मामले की जानकारी तो है, लेकिन पूरी जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट बताया जा सकेगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए अधिवक्ता समाज और स्थानीय लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Comments (0)