शिवपुर के लोढ़ान में परिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, अभिजीत उपाध्याय के सीर पर गंभीर चोट और दूसरे के बाएं हाथ पर गोली छूकर निकली पुलिस जांच में जुटी


वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ान इलाके में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई है। इस घटना में अभिजीत उपाध्याय पुत्र अजीत उपाध्याय को सिर पर गंभीर चोट आई है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की जानकारी देते हुए अजीत उपाध्याय ने बताया कि उनके घर में पूजा चल रही थी और पूरा परिवार पूजा में शामिल था। इसी दौरान उनके बेटे अभिजीत को सूचना मिली कि न्यायालय में विचाराधीन जमीन पर कब्जे की तैयारी हो रही है। अभिजीत जमीन देखने गया तो उनके बड़े भाई द्वारा बुलाए गए लोगों ने उन पर हमला कर दिया।

अजीत उपाध्याय के अनुसार, हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण उन्होंने हवाई फायरिंग की, जिसमें गोली उन्हीं के साथ आए एक युवक को लग गई। उस समय अभिजीत वहां अकेले थे। सूचना मिलते ही अजीत उपाध्याय पूजा छोड़कर मौके पर पहुंचे और देखा कि उनका बेटा लहूलुहान हालत में गिरा हुआ है। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विवाद अजीत उपाध्याय के बड़े भाई और उनके बीच न्यायालय में लंबित जमीन को लेकर है। बड़े भाई कथित तौर पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे, जिसके विरोध में अभिजीत मौके पर पहुंचा था।

शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई और किसकी गलती है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटना की सीसीटीवी फुटेज व गवाहों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। अभिजीत उपाध्याय की हालत को देखते हुए पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है, इलाके में तनाव बना हुआ है। दोनों पक्षों के तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत होगा।