तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने मारी बाइक को टक्कर, मौके पर ही चली गई जान

वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी ग्राम में बीते शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक अभिषेक उपाध्याय (राहुल) की मौत हो गई। युवक अपने बच्चे को विद्यालय छोड़कर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। सिरसा ग्राम निवासी प्रमोद कुमार उपाध्याय ने लोहता पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र अभिषेक कुमार उपाध्याय अपने बच्चे को छितौनी स्थित डिवाइन सैनिक स्कूल छोड़कर वापस घर लौट रहा था। देववाणी इंटरमीडिएट विद्यालय के पास दूसरी ओर से आ रही तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अभिषेक का संतुलन बिगड़ गया, वे सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचायतनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मृतक के पिता प्रमोद कुमार उपाध्याय की तहरीर के आधार पर लोहता पुलिस ने अज्ञात एम्बुलेंस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अभिषेक अपने परिवार के मुख्य सदस्य थे। अचानक हुई इस त्रासदी ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और एम्बुलेंस चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की जरूरत को रेखांकित करती है।