चंदौली। जनपद के सकलडीहा ब्लॉक सभागार में अमर शहीद क्रांतिकारी पंडित चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर रोजगार सेवक संघ के सकलडीहा ब्लॉक अध्यक्ष भावेश तिवारी ने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद का जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस, त्याग और आत्मसम्मान का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए।

भावेश तिवारी ने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद का बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने अपने अदम्य साहस और देशप्रेम से स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। उनके आदर्श आज भी प्रत्येक भारतीय को राष्ट्र सेवा, स्वाभिमान तथा अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय मूल्यों को सुदृढ़ बनाने के लिए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महेंद्र गुप्ता, अजीत यादव, चंदन यादव, संजय प्रताप सिंह, ईश्वर चंद्र पाण्डेय, अनूप तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।