चंदौली। सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ कार्यवाई करते हुए एक ट्रक से 1185 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 10,451.52 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक भी कब्जे में ले लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक बिक्रम दहिया ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस टीम काले शाह बाबा की मजार के पास एनएच-19 की उत्तरी लेन पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रक संख्या एमएच 18 बीजेड 7720 को रोकने का प्रयास किया गया। ट्रक से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे चालक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसकी पहचान राजस्थान के बाड़मेर निवासी शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार (23) के रूप में हुई।

ट्रक की तलाशी में पीली प्लास्टिक की बोरियों में लकड़ी का बुरादा भरा मिला। इन्हीं बोरियों के नीचे शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस के अनुसार, ट्रक से किंग्स गोल्ड, इम्पीरियल ब्लू, मैकडॉवेल्स, पार्टी स्पेशल और सुपर जुबली ब्रांड की कुल 1185 पेटी शराब बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एक लाख रुपये के लालच में पानीपत, हरियाणा के पास एक अज्ञात व्यक्ति से शराब लदा ट्रक लेकर बिहार जा रहा था। बिहार में शराब को ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। पुलिस से बचने के लिए शराब की पेटियों के ऊपर लकड़ी के बुरादे की बोरियां लादी गई थीं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आईफोन-15, इलेक्ट्रानिक घड़ी, पीली धातु का लॉकेट, 660 रुपये नकद, पर्स, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड भी बरामद किया है। मामले में थाना सैयदराजा में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह समेत थाना सैयदराजा की टीम तथा स्वाट प्रभारी रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा समेत स्वाट/सर्विलांस टीम के सदस्य शामिल रहे।