चंदौली। ग्राम रोजगार सेवक संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संघ के जिलाध्यक्ष कन्हैया यादव के नेतृत्व में चंदौली से बड़ी संख्या में रोजगार सेवक आगामी 1 जुलाई को लखनऊ पहुंचकर विधानसभा घेराव में शामिल होंगे। संगठन का दावा है कि पूरे प्रदेश से करीब 37 हजार रोजगार सेवक इस आंदोलन में भाग लेंगे। जिलाध्यक्ष कन्हैया यादव ने बताया कि रोजगार सेवकों की वर्षों पुरानी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते अब आंदोलन का रास्ता अपनाना मजबूरी बन गया है।उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के रोजगार सेवक एकजुट होकर विधानसभा का घेराव करेंगे और सरकार से अपनी मांगों को पूरा करने की मांग करेंगे।

सकलडीहा ब्लॉक अध्यक्ष भावेश त्रिपाठी ने कहा कि 4 अक्टूबर 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रोजगार सेवकों के लिए एचआर पॉलिसी लागू करने, ईपीएफ की सुविधा उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई थीं, लेकिन आज तक उन्हें धरातल पर लागू नहीं किया गया। इससे रोजगार सेवकों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि संगठन अब चुप बैठने वाला नहीं है। रोजगार सेवक न्यूनतम 24 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, एचआर पॉलिसी लागू करने, ईपीएफ की सुविधा उपलब्ध कराने तथा समय से मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर संघर्ष करेगा।

यदि सरकार ने मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। बैठक में आंदोलन की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा अधिक से अधिक रोजगार सेवकों से 1 जुलाई को लखनऊ पहुंचकर विधानसभा घेराव में भाग लेने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर आलोक कुमार, अभिलाषा शर्मा, गुप्तेश्वर राय, घनश्याम दास, प्रेमशीला, अजीत यादव, उमाशंकर चौहान, रेखा शर्मा, ममता, मिठाई लाल, रीता सहित अन्य रोजगार सेवक उपस्थित रहे।