मंगलवार को चंदौली जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति एवं जिला मिशन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल संरक्षण और कृषि विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों को मंजूरी दी गई।
बैठक में जिला भूमि संरक्षण अधिकारी ने वर्ष 2025-26 में कराए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 'पर ड्रॉप मोर क्रॉप' योजना में वर्षा जल संचयन के लिए 13 खेत तालाबों के निर्माण के लक्ष्य को स्वीकृति दी गई। साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के तहत 350 हेक्टेयर तथा वर्षा सिंचित क्षेत्र विकास योजना के तहत 30.50 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए 72 लाभार्थियों के लक्ष्य पर भी मुहर लगी।
जिला भूमि संरक्षण अधिकारी ने बताया कि जनपद को इस वर्ष 13 लघु खेत तालाब (22×20×3 मीटर) निर्माण का लक्ष्य मिला है। इनमें 11 सामान्य वर्ग और दो अनुसूचित जाति वर्ग के लाभार्थी शामिल हैं। सामान्य वर्ग के सभी 11 लाभार्थियों का चयन हो चुका है, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग के दो लाभार्थियों का चयन शेष है। प्रत्येक खेत तालाब के निर्माण पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान के रूप में 52,500 रुपये की सहायता दो किश्तों में सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।
बैठक में बताया गया कि योजना का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिन्होंने पिछले सात वर्षों में अपने खेत पर सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली स्थापित की हो और वह चालू स्थिति में हो। यदि कोई किसान तालाब निर्माण के साथ नई सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली लगाना चाहता है, तो उसे उद्यान विभाग का त्रिपक्षीय अनुबंध प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा पात्र किसानों को पंपसेट की खरीद पर 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 15,000 रुपये का अनुदान भी मिलेगा।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, उप कृषि निदेशक भीमसेन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Comments (0)