चंदौली। पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान 350 पाउच ब्लू लाईम देशी शराब (कुल 70 लीटर) के साथ पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को मुगलसराय पुलिस चकिया तिराहे पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुलिस कॉलोनी के पास एक पेड़ के नीचे पांच महिलाएं सफेद झोलों में अवैध शराब लेकर बैठी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों महिलाओं को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान महिलाओं के पास मौजूद अलग-अलग झोलों से कुल 350 पाउच ब्लू लाईम देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 70 लीटर है। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि शराब की दुकानें बंद होने के बाद वे ऊंचे दामों पर शराब बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं।

गिरफ्तार महिलाओं में डोमनी देवी, राजमुनी कुँवर, विन्धयाचली कुँवर, हिरंगा देवी और सुमन देवी शामिल हैं, जो बिहार के विभिन्न जिलों की निवासी हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शिवपूजन बिंद, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल अमित यादव एवं महिला कांस्टेबल प्रियंका प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।