चंदौली।सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिहार में अवैध रूप से बीयर ले जाकर बेचने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से किंगफिशर कंपनी की 48 केन बीयर बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 24 लीटर है। पुलिस ने मामले में दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया है।

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 11 बजे सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग के दौरान रोशन कुमार श्रीवास्तव (21) निवासी राजाबाजार, बिहिया, भोजपुर, बिहार को पकड़ा गया। उसके पास से 500-500 एमएल की 48 केन बीयर बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने बताया कि उत्तर प्रदेश की लाइसेंसी दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बीयर व शराब खरीदकर एकत्र करता था और ट्रेनों के जरिए बिहार ले जाकर अधिक कीमत में बेचता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सकलडीहा थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी व बरामदगी में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक गोपाल तिवारी, हेड कांस्टेबल राकेश यादव और कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती शामिल रहे।