सोनभद्र (परफेक्ट मिशन)। खनिज और औद्योगिक संपदा से समृद्ध सोनभद्र में विकास की संभावनाओं को धरातल पर और मजबूती से उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मुख्यमंत्री से भेंट कर जनपद के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ), उद्योग विभाग और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड के माध्यम से जिले में कराए जा रहे विकास कार्यों का खाका मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि इन संसाधनों के जरिए जनहितकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री को जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति, जनसुविधाओं के विस्तार और सीएसआर के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों की जानकारी देने के साथ प्रस्तावित योजनाओं और भविष्य की विकास प्राथमिकताओं से भी अवगत कराया गया।

भेंट के दौरान चर्चा का केंद्र केवल वर्तमान परियोजनाएं ही नहीं रहीं, बल्कि सोनभद्र के समग्र और दीर्घकालिक विकास की दिशा भी रही। विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, उपलब्ध संसाधनों का जनहित में बेहतर उपयोग और बुनियादी सुविधाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

जिलाधिकारी ने आगामी विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। खनिज और उद्योग के लिहाज से प्रदेश में विशिष्ट पहचान रखने वाले सोनभद्र के लिए यह मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है कि डीएमएफ, उद्योग विभाग और सीएसआर जैसे विभिन्न माध्यमों से उपलब्ध संसाधनों को योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों से जोड़कर जिले की तस्वीर बदलने की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। मुख्यमंत्री के समक्ष वर्तमान कार्यों के साथ भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा रखे जाने से जनपद में विकास परियोजनाओं को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की दिशा मजबूत होने की उम्मीद है।