चंदौली।जनपद की कन्दवा एवं सैयदराजा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्यवाई करते हुए वध के लिए बिहार ले जाए जा रहे 13 गोवंश (6 गाय व 7 सांड) को सकुशल बरामद किया। पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर अवैध परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप मैक्स और एक चापड़ भी जब्त किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष कन्दवा विनोद कुमार अंचल एवं थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि गाजीपुर के जमानियां की ओर से बोलेरो पिकअप (यूपी 61 सीटी 2313) में गोवंशों को क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार के नुआंव क्षेत्र में वध के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर तलाशपुर मोड़ से पहले जमानियां रोड पर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की गई।
चेकिंग के दौरान पिकअप चालक ने पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को सुरक्षित बचाया। कुछ ही दूरी पर वाहन सड़क किनारे मिट्टी और बालू के ढेर में फंस गया, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरविन्द कुमार गौतम (20 वर्ष) पुत्र गुड्डू राम, निवासी ग्राम सहेड़ी, थाना नन्दगंज, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
वाहन की तलाशी में 13 जीवित गोवंश (6 गाय व 7 सांड) बरामद हुए, जिनके मुंह और पैर बांधकर उन्हें बेरहमी से लादा गया था। पुलिस ने सभी गोवंशों को सुरक्षित मुक्त कराकर चारा-पानी की व्यवस्था कराई। वाहन से एक चापड़ भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गोवंशों को एकत्र करता था और पैसों के लालच में बिहार के नुआंव क्षेत्र में वध के लिए बेचने ले जा रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि पुलिस की चेकिंग देखकर बचने के लिए वाहन चढ़ाकर भागने का प्रयास किया था तथा बरामद चापड़ पशुओं के वध के उद्देश्य से रखा गया था।
इस मामले में थाना कन्दवा पर उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, बीएनएस तथा आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाई की जा रही है।
Comments (0)