चंदौली। जनपद की चकिया थाना पुलिस ने ज्वेलर्स पर जानलेवा हमला कर लूट की घटना में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर उसे दबोच लिया। मामले में पहले ही छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2025 को बैरी बाजार स्थित संजय ज्वेलर्स के संचालक जितेंद्र कुमार निवासी नेवाजगंज अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में फिरोजपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास बदमाशों ने उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और लूट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर चकिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी रोहन पाण्डेय पुत्र अरविंद पाण्डेय निवासी गुरेनी, पोस्ट डबरिया, थाना धानापुर को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध डकैती सहित विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।