वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस ने 27 किलो से अधिक चांदी लूटकांड का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना चौक, थाना लंका और एसओजी की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात लौटूबीर पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में लूटकांड में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को 'हेमा ज्वेलर्स' के कर्मचारियों से गोविंदपुरा मोड़ के पास रेशम कटरा ले जाते समय करीब 27 किलो 327 ग्राम चांदी की 26 बटिया लूट ली गई थीं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद थाना चौक में मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई थी।

सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार रात करीब 12:40 बजे लौटूबीर पुलिया के पास बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद अली उर्फ शाबिर हसन (55), निवासी भोपाल/होशंगाबाद (मध्य प्रदेश) तथा माशाअल्लाह (40), निवासी नर्मदापुरम (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मोहम्मद अली पर दिल्ली, जयपुर और वाराणसी समेत विभिन्न राज्यों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई चार किलो चांदी की चार बटिया, 15,020 रुपये नकद, दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार जिंदा कारतूस तथा तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपितों से पूछताछ जारी है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और शेष लूटी गई चांदी की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।