चंदौली।जनपद की चकरघट्टा थाना पुलिस ने जंगल के रास्ते बिहार ले जाए जा रहे 15 गोवंश (गाय व बछड़ा) को बरामद करते हुए तीन कथित गौ-तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से कम कीमत पर गोवंश खरीदकर जंगल के रास्ते बिहार ले जाकर वध के लिए बेचते थे।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष संतोष कुमार अपनी टीम के साथ बरवाडीह क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग परसिया-जमसोत के जंगल मार्ग से गोवंश को बिहार के झरियावा क्षेत्र की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर परसिया जंगल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 15 गोवंश बरामद किए।

पूछताछ में आरोपियों ने ग्रामीण इलाकों से सस्ते दामों पर गोवंश खरीदकर उन्हें बिहार ले जाकर बेचने की बात स्वीकार की। मामले में थाना चकरघट्टा पर उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में बबुन्दर उर्फ बुल्लू (42), उसका पुत्र निखिल (22) तथा संदीप कुमार उर्फ सोनू (20), सभी निवासी ग्राम परसहवा, थाना चकरघट्टा, जनपद चन्दौली शामिल हैं। पुलिस ने बरामद सभी 15 गोवंश को सुरक्षित कब्जे में ले लिया है।