वाराणसी। थाना सिंधोरा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अमौत जैंगर, पोस्ट मंगारी में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना घटी। लगभग 3 वर्षीय मासूम बालक राजबीर की प्रजाति करैत के सर्पदंश से दुखद मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजबीर के पिता का नाम राजन और माता का नाम पूनम देवी है। सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच घर के आसपास करैत सांप ने बच्चे को काट लिया। घटना के तुरंत बाद परिजन अंधविश्वास के चक्कर में पड़ गए और झाड़-फूंक कराने लगे। इस दौरान बहुमूल्य समय निकल गया। जब बच्चे की हालत बिगड़ती देखी तो उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। दोपहर लगभग 2:30 बजे चिकित्सकों ने राजबीर को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद संबंधित करैत सांप का सुरक्षित रेस्क्यू सर्वेश वन्य जीव संरक्षण संस्थान (पंजीकरण संख्या 118) के प्रबंधक सर्वेश कुमार द्वारा किया गया, ताकि आसपास के किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे।
सर्वेश वन्य जीव संरक्षण संस्थान (पंजीकरण संख्या 118) के प्रबंधक सर्वेश कुमार ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आम जनता से अपील की है कि सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या किसी भी तरह के अंधविश्वास में समय न गंवाएं। सर्पदंश के बाद बिना देर किए तुरंत नजदीकी सरकारी या सक्षम अस्पताल पहुंचाना ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है। संस्था के प्रबंधक सर्वेश कुमार ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि यदि घर या आसपास कोई सांप दिखाई दे तो उसे मारने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को तुरंत सूचना दें, ताकि सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके तथा मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
Comments (0)