मेजा (प्रयागराज)। मेजा क्षेत्र अंतर्गत उरुवा विकासखंड के बगहा शिमला बस्ती की लगभग 400 मीटर लंबी सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। यह सड़क गांव तक पहुंचने का एकमात्र मार्ग है, लेकिन बरसात के मौसम में पूरी तरह कीचड़ और जलभराव से भर जाने के कारण लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान सड़क इतनी खराब हो जाती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। गांव में कोई व्यक्ति बीमार हो जाए तो एंबुलेंस भी खराब सड़क के कारण बस्ती तक नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों को चारपाई या अन्य साधनों से मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। इससे कई बार गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने सड़क निर्माण के लिए कई बार ग्राम प्रधान, क्षेत्रीय विधायक, जिला पंचायत प्रतिनिधियों, सांसद तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन आज तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में निराशा और नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग केवल बगहा शिमला बस्ती के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास के लोगों के आवागमन के लिए भी महत्वपूर्ण है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन लोग फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए इस 400 मीटर सड़क का तत्काल निर्माण कराया जाए, ताकि गांव के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में कार्रवाई नहीं की गई तो वे जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।