चंदौली। जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। विभिन्न पारिस्थितिकीय संसाधनों द्वारा कीट एवं रोग नियंत्रण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में चंदौली जनपद को कृषि रक्षा उपकरणों और सुरक्षित अन्न भंडारण बखारी के कुल 312 लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को उपकरणों की खरीद पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। लाभार्थियों का चयन 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर किया जाएगा।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि जनपद को 31 मानव चलित स्प्रेयर, 63 शक्ति चलित (पावर) स्प्रेयर तथा 218 अन्न भंडारण बखारी का लक्ष्य मिला है। मानव चलित स्प्रेयर पर यंत्र मूल्य का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 1,500 रुपये, शक्ति चलित स्प्रेयर पर 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 3,000 रुपये तथा लघु एवं सीमान्त किसानों को बखारी पर 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 2,000 रुपये का अनुदान मिलेगा।
उन्होंने बताया कि किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार खुले बाजार से आईएसआई मानक वाले कृषि रक्षा यंत्र खरीद सकते हैं। जिन यंत्रों के लिए आईएसआई मानक निर्धारित नहीं हैं, उन्हें केंद्रीय संस्थानों अथवा कृषि विश्वविद्यालयों के मानकों के अनुरूप खरीदा जा सकेगा। वहीं, अन्न भंडारण बखारी निर्धारित क्षमता और गुणवत्ता मानकों के अनुसार स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAIL) की जी.पी. शीट से निर्मित होना अनिवार्य होगा।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया से दिया जाएगा। इच्छुक किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कर टोकन प्राप्त करें। टोकन जारी होने के बाद 10 दिनों के भीतर खरीद का बिल पोर्टल पर अपलोड करना होगा। विभागीय सत्यापन के बाद अनुदान की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।
उन्होंने किसानों से समय रहते पोर्टल पर बुकिंग कर योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
Comments (0)