वाराणसी, । तहसील सदर में सोमवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, कृषि, खाद एवं रसद, पंचायतीराज, विद्युत, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, जल निगम, वन विभाग समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 74 मामले सामने आए। इनमें से 03 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच एवं सत्यापन कर प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का पूरी प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और न्यायोचित तरीके से समाधान करना शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस और राजस्व से संबंधित शिकायतों का प्राथमिक स्तर पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर एसडीएम नितिन सिंह, एसीपी सहित राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Comments (0)