चन्दौली। अलीनगर थाना पुलिस ने छिनैती की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सैमसंग की-पैड मोबाइल, 300 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP67 AC 4101) बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को गहरपुरा निवासी सद्री प्रसाद मुगलसराय से अपने घर लौट रहे थे। रामपुर रेलवे अंडरपास के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन्हें रोककर मारपीट की और उनके पास से सैमसंग की-पैड मोबाइल व 500 रुपये नकद छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर 10 जुलाई को पचफेड़वा रिंग रोड के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बब्बू यादव पुत्र रामचरण यादव तथा अजीत यादव पुत्र शोभनाथ यादव, निवासी गंजख्वाजा (आरटीओ कार्यालय के पास), थाना अलीनगर के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 9 जुलाई की रात रामपुर रेलवे अंडरपास के पास एक अधेड़ व्यक्ति से मारपीट कर मोबाइल और नकदी छीनी थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय आरोपी उसी मोटरसाइकिल से किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।