बीकेटी नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष को मिली अहम जिम्मेदारी, बोले—किसान हित और संगठन की मजबूती को देंगे गति

बीकेटी, लखनऊ। बीकेटी नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अरुण सिंह ‘गप्पू भैया’ को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा अवध क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

बातचीत के दौरान अरुण सिंह ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि संगठन के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ काम करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि किसान हितों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को और मजबूत करने के साथ राष्ट्र सेवा के संकल्प को गति देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर किसान मोर्चा को बूथ स्तर तक और प्रभावी बनाया जाएगा। अरुण सिंह ने कहा कि संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए पार्टी को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम करेंगे।