एटीएम चोर गिरोह हुआ गिरफ्तार, भेलूपुर पुलिस का दिखा बड़ा एक्शन
वाराणसी। एटीएम से पैसे निकालने के बाद जरा-सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। वाराणसी कमिश्नरेट की भेलूपुर पुलिस ने ऐसे छह शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जो लोगों का ध्यान भटकाकर लोहे की प्लेट लगाकर नकदी चोरी करने का काम करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹39,800 नकद, चार लोहे की प्लेटें, एक सफेद टेप और एक काले रंग का मोटा कागज बरामद किया है। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना भेलूपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। एटीएम से पैसे निकालने वाले व्यक्ति का ध्यान भटकाने के बाद वे लोहे की प्लेट का इस्तेमाल कर नकदी हथिया लेते थे। मामले में थाना भेलूपुर पर मुकदमा संख्या 0447/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 303(2) तथा बढ़ोतरी धारा 317(2) के अंतर्गत दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में आदर्श कुमार 24 वर्ष थाना मलवां जनपद फतेहपुर, सचिन कुमार 18 वर्ष थाना मलवां जनपद फतेहपुर, अभय राजपूत 21 वर्ष थाना मलवां, जनपद फतेहपुर, राजकुमार 19 वर्ष, थाना मलवां जनपद फतेहपुर, हिमांशु सिंह 20 वर्ष थाना हथगाम जनपद फतेहपुर और प्रिंस कुमार 19 वर्ष थाना मलवां जनपद फतेहपुर के रहने वाले है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त प्रिंस कुमार के खिलाफ फतेहपुर और वाराणसी में पहले से भी इसी तरह के मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। भेलूपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि एटीएम से पैसे निकालते समय या सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं। अगर कोई व्यक्ति आपका ध्यान भटकाने की कोशिश करे तो तुरंत सतर्क हो जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सतर्कता ही ऐसी वारदातों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।
Comments (0)