विश्व जनसंख्य
प्रयागराज। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय, प्रयागराज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं कला एवं संस्कृति समिति के संयुक्त तत्वावधान में जनसंख्या जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय "माई कमिटमेंट टुवर्ड्स सस्टेनेबल डेवलपमेंट" रहा, जिसके माध्यम से जनसंख्या वृद्धि, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में संकल्प ग्रहण, "प्लेज वॉल सिग्नेचर एक्टिविटी" तथा वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने प्लेज वॉल पर हस्ताक्षर कर सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार संसाधन उपयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बृज बिहारी तिवारी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि उनकी ऊर्जा और क्षमता को सही दिशा मिले तो वे समाज और राष्ट्र के सतत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के सचिव श्री नमित मिश्रा ने कहा कि देश में तेजी से बढ़ती जनसंख्या के साथ उपलब्ध संसाधनों के संतुलित उपयोग पर गंभीरता से विचार करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और उनका विवेकपूर्ण उपयोग ही भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित कर सकता है।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक डॉ. सव्यसाची, डॉ. आलोक मिश्रा, डॉ. आशीष शिवम्, प्रो. आर.सी. त्रिपाठी, वित्त अधिकारी प्रो. विनोद पांडे, विधि संकाय के अधिष्ठाता डॉ. स्वप्निल त्रिपाठी तथा कुलसचिव एस.एस. मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए जनसंख्या नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की प्राप्ति के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. छाया मालवीय ने उपस्थित सभी शिक्षकों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों को जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण, लैंगिक समानता तथा सतत विकास के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया। वहीं वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार ने राष्ट्रीय सेवा योजना की अवधारणा और समाज निर्माण में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. उत्तम कुमार ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत डॉ. सुनील मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का संयोजन एवं धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मोनिका गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर डॉ. राजेश केसरी, डॉ. आर.सी. मिश्रा, डॉ. आदिनाथ, डॉ. राजेश तिवारी, डॉ. शिवाश्रे यादव, डॉ. यास्मीन बानो, डॉ. मोनिका सिंह, डॉ. सुनील मिश्र, डॉ. साधना त्रिपाठी, डॉ. किरण सिंह, श्रीमती अंजलि सिंह, डॉ. क्षमा, माय भारत पोर्टल के नोडल अधिकारी डॉ. रितेश कुमार सिंह, लोकेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जनसंख्या जागरूकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
Comments (0)