चन्दौली। जनपद चन्दौली की मुगलसराय पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 24 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से फर्जी नंबर प्लेट लगी रेनाल्ट डस्टर कार भी बरामद की गई है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना मुगलसराय पुलिस, औद्योगिक नगर चौकी पुलिस एवं एसओजी टीम द्वारा 6 जुलाई को पटनवा तिराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मिर्जापुर की ओर से एक काले रंग की रेनाल्ट डस्टर कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर वाराणसी की ओर जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई देने पर उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर डिग्गी में रखे दो प्लास्टिक के बोरों से 24 बंडलों में पैक कुल 24 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
जांच के दौरान ई-चालान ऐप और चेसिस नंबर से पता चला कि कार पर लगी नंबर प्लेट किसी दूसरे वाहन की थी। पुलिस के अनुसार आरोपी पहचान छिपाने और गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम उमाकान्त उर्फ हिमांशु पुत्र गोपाल प्रसाद चन्द्रवंशी, निवासी बंधन टोला आरा, थाना नवादा, जनपद भोजपुर (बिहार) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह मिर्जापुर से गांजा लाकर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचकर आर्थिक लाभ कमाने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0 328/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और जांच भी शुरू कर दी गई है।
Comments (0)