चंदौली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत मंगलवार को चंदौली के जगदीशसराय स्थित मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह, मैक्सवेल ग्रुप के निदेशक डॉ. के.एन. पाण्डेय, संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण बनाने का संकल्प लिया।
काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि "'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृत्व, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक जनआंदोलन है। जिस तरह मां हमें जीवन देती है, उसी तरह वृक्ष पूरी मानवता को जीवनदायिनी ऑक्सीजन, छाया और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तभी यह अभियान अपने उद्देश्य को प्राप्त करेगा।"
मैक्सवेल ग्रुप के निदेशक डॉ. के.एन. पाण्डेय ने कहा कि "मैक्सवेल इंस्टीट्यूट शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी अपनी प्राथमिकता मानता है। 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान से जुड़ना हमारे लिए गर्व की बात है। पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस दिशा में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। संस्थान भविष्य में भी ऐसे जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।"
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अपनी मां के सम्मान में पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधे वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण का आधार बनें।
Comments (0)