मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के गोसौरा कला गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 48 वर्षीय युवक अवधेश पटेल का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने अवधेश पटेल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना तत्काल परिजनों और मेजा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए।

मृतक के परिजनों का कहना है कि अवधेश पटेल की किसी से कोई ऐसी दुश्मनी नहीं थी कि वह आत्महत्या जैसा कदम उठाएं। उनका आरोप है कि युवक की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फंदे पर लटका दिया गया। परिजनों ने पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण भी मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं, परिजन न्याय की उम्मीद लगाए हुए हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।