वाराणसी। काशी नगरी के शिक्षा जगत में अलग महत्व माना जाता हैं शिक्षक सुदृढ़ बनाने के लिए अभिभावक एकजुटता के साथ सरकारी विद्यालयों से लेकर प्राइवेट विद्यालयों तक “एक देश, एक बोर्ड, एक फीस, एक पाठ्यक्रम” का व्यापक अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। इस अभियान के क्रम में पांचवें पड़ाव के रूप में सोभनाथ इंटर कॉलेज, गोराई बाजार, सेवापुरी में छात्र-अभिभावक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों, अभिभावकों एवं केसरिया भारत के पदाधिकारियों के बीच शिक्षा व्यवस्था में समानता, पारदर्शिता तथा आर्थिक विषमता समाप्त करने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी प्रतिभागियों ने सरकार से महंगी शिक्षा के खिलाफ एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग को दोहराया।
केसरिया भारत एवं धरोहर संरक्षण सेवा संगठन के प्रमुख संयोजक कृष्णानंद पांडेय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज शिक्षा सेवा नहीं, बल्कि व्यापार का माध्यम बनती जा रही है। अलग-अलग बोर्ड, अलग-अलग फीस और अलग-अलग पाठ्यक्रम के कारण देश के करोड़ों छात्र, छात्राएं एवं अभिभावक आर्थिक और मानसिक बोझ झेल रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पूरे देश में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू की जाए तो प्रत्येक बच्चे को समान अवसर मिलेगा और शिक्षा व्यवस्था अधिक न्यायसंगत बनेगी। उन्होंने सरकार से “एक देश, एक बोर्ड, एक फीस और एक पाठ्यक्रम” की व्यवस्था लागू करने की मांग दोहराई। केसरिया भारत के प्रदेश अध्यक्ष गौरीश सिंह ने कहा कि महंगी शिक्षा देश के गरीब, मध्यमवर्गीय और ग्रामीण परिवारों के बच्चों के सपनों को कुचल रही है। शिक्षा किसी वर्ग विशेष का अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। उन्होंने बताया कि केसरिया भारत इस अभियान को गांव-गांव और विद्यालय-विद्यालय तक पहुंचाएगा तथा छात्र-हित में व्यापक जनजागरण चलाया जाएगा। उन्होंने सभी अभिभावकों से इस जनआंदोलन में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महामंत्री आनंद मिश्रा, आजाद भगत सिंह क्रांतिकारी विचार परिषद केसरिया भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम उपाध्याय, डॉ. एस.के. मिश्रा, शिक्षाविद अभय तिवारी तथा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में शिक्षा व्यवस्था में समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और फीस नियंत्रण की आवश्यकता पर बल देते हुए अभियान का समर्थन किया। कार्यक्रम का आयोजन मुरारी उपाध्याय ने किया। समापन श्री हनुमान चालीसा पाठ से हुआ। इस अवसर पर डा. चन्द्रदेव पटेल, राकेश त्रिपाठी, रवीन्द्र उपाध्याय, अजय मिश्र, सुनील उपाध्याय, अवनीश मिश्र, विशाल दुबे, अखिलेश मिश्र सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र-अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार से महंगी एवं असमान शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ ठोस कदम उठाने की मांग की।
Comments (0)