चकिया तहसील सभागार में सोमवार को प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की मौजूदगी में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दियें
समाधान दिवस के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक हर हाल में पहुंचे। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गरीब एवं पीड़ित लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर उन्हें समय पर न्याय दिलाया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 87 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकांश शिकायतें राजस्व (भूमि विवाद), पुलिस, विकास, विद्युत एवं समाज कल्याण विभाग से संबंधित रहीं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बिना ठोस कारण किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्यवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के बाद तहसील परिसर में विशेष पर्यावरण जन-जागरूकता अभियान के तहत प्रभारी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने फलदार और छायादार पौधों का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी परितोष मिश्रा, उप जिलाधिकारी चकिया, पीडी डीआरडीए, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, थानाध्यक्ष तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments (0)