चंदौली। जनपद के प्रभारी जिलाधिकारी/ मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं, पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स एवं त्वरित आर्थिक विकास कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता, समयबद्धता और कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।
सीडीओ ने जिले में संचालित पेयजल, सड़क, विद्युत व्यवस्था तथा सरकारी भवनों से संबंधित प्रमुख निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्यदायी संस्थाओं और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
समीक्षा के दौरान क्षय रोग चिकित्सालय भवन के निर्माण में शिथिलता तथा काशीराज संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, चकिया के निर्माण कार्य में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड को डीएफसीसी ऊपरगामी सेतुओं का निर्माण निर्धारित समय और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करने के लिए कहा गया।
बैठक में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के निर्माण कार्यों की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, धानापुर के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति और लापरवाही पर भी गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ आर. जगत साई ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी परियोजना में कोई समस्या आती है तो उसकी तत्काल जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी परितोष मिश्रा, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा आर के चतुर्वेदी, परियोजना अधिकारी, अधिशासी अभियंता, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) सहित विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments (0)