चन्दौली। जनपद में अवैध मादक पदार्थ एवं नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास लावारिस खड़े एक ट्रक से 7200 शीशी (720 लीटर) अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोरी अंडरपास के पास एक ट्रक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन संख्या UP74Y4726 की तलाशी ली। ट्रक के डाले में रखी 20 बोरी मुर्गी के दाने के नीचे छिपाकर रखी गई 36 बोरियों से कुल 72 पेटियां बरामद हुईं।

बरामद माल में फेयरडिल न्यू ब्रांड की 3600 शीशी (360 लीटर) तथा एस्कफ ब्रांड की 3600 शीशी (360 लीटर) कोडीनयुक्त कफ सिरप शामिल है। मौके पर पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर चन्द्रेश कुमार द्विवेदी ने नियमानुसार नमूने लेकर परीक्षण के लिए जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे। ट्रक के केबिन से एक फ्लीटएक्स (Fleetx) जीपीएस डिवाइस भी बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार ट्रक के स्वामी की पहचान राहुल कुमार पुत्र जमादार सिंह, निवासी नासूपुर सजेती, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पुलिस तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटा रही है। मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान होने पर उनके विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 0458/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 18ए/28/18सी/27बी, औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।