चंदौली। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में भाजपा नेता एवं समाजसेवी डॉ. कृष्णानंद पांडेय की पहल पर मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलोजी, जगदीश सराय में निःशुल्क भौतिक विज्ञान की कक्षाओं का शुभारंभ हुआ। कक्षाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

कक्षाओं में बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग एवं एमएससी फिजिक्स अनिल विद्यार्थियों को भौतिक विज्ञान पढ़ाएंगे। आईआईटी-जेईई, नीट-यूजी और सीयूईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विषयों को सरल एवं व्यवस्थित तरीके से पढ़ाया जाएगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को निजी कोचिंग के खर्च से राहत मिलने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग मिलेगा।

शुभारंभ अवसर पर मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के निदेशक डॉ. कृष्णानंद पांडेय ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के सपनों के सामने दीवार नहीं बननी चाहिए। प्रतिभा हर वर्ग में होती है, जरूरत केवल उसे सही दिशा और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी बेहतर शिक्षण और मार्गदर्शन मिल सके, ताकि वे अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ सकें।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन सबसे जरूरी है। सुविधाओं की कमी को लक्ष्य के रास्ते में बाधा न बनने दें और उपलब्ध अवसर का पूरी ईमानदारी से लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और सही मार्गदर्शन के साथ विद्यार्थी आईआईटी-जेईई, नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।

निःशुल्क कक्षाओं के शुभारंभ से विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया। विद्यार्थियों ने कहा कि इस पहल से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा और आर्थिक रूप से भी राहत मिलेगी।