चंदौली।थाना मुगलसराय पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे व निशानदेही से 3.50 लाख रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण, दो लैपटाप, एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर और चोरी में प्रयुक्त आटो रिक्शा व वेन्यू कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में बंद मकानों की रेकी करते थे और रात में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए स्वाट, सर्विलांस व मुगलसराय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी। 16 सितंबर को टीम को सूचना मिली कि इंडियन इंस्टीट्यूट नाच घर के पास सफेद वेन्यू कार व आटो रिक्शा के पास कुछ संदिग्ध चोरी के माल के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने मुगलसराय, चंदौली और बलुआ थाना क्षेत्रों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
प्रशान्त सोनी उर्फ बाबू सेठ, विशाल भारती, रहमान उर्फ आंखी, राजेश सिंह, अनिल गुप्ता, दीपक जायसवाल उर्फ रवीन्द्र कुमार जायसवाल, तुषार वर्मा और लकी जायसवाल सभी जनपद चंदौली के निवासी हैं।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 3.50 लाख रुपये नगद, दो डेल लैपटाप, सोनी एलईडी टीवी, इंडेन गैस सिलेंडर, चांदी की दो जोड़ी पायल, तीन मीना, पीली धातु की अंगूठी व कान की बाली बरामद हुई। इसके अलावा चोरी के रुपये से खरीदी गई वेन्यू कार संख्या यूपी67एबी8628 और आटो रिक्शा संख्या यूपी65जेटी0599 भी बरामद किया गया।
इन घटनाओं का हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक 25 अगस्त को सिद्धार्थपुरम कॉलोनी निवासी बाबूलाल प्रसाद यादव के घर से करीब पांच लाख रुपये के आभूषण व 80 हजार रुपये नगद, 26 अगस्त को आरपीएफ कॉलोनी के रेलवे क्वार्टर से आभूषण, टीवी, गैस सिलेंडर व नगदी, एक अगस्त को इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी से आभूषण व एक लाख रुपये नगद, 31 अगस्त को न्यू सेंट्रल कॉलोनी से नगदी व आभूषण तथा 20/21 अगस्त की रात ओल्ड सेंट्रल कॉलोनी स्थित रेलवे क्वार्टर से लैपटाप, अंगूठी व नगदी चोरी हुई थी। इन मामलों में मुगलसराय थाने में मुकदमे दर्ज थे।
Comments (0)