चंदौली। जनपद के सकलडीहा थाना क्षेत्र के इटवा गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कथित धर्मान्तरण की सूचना पर पुलिस ने एक प्रार्थना सभा में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि के भाई के घर का नाम सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि इटवा गांव में जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि रमेश राम के भाई के घर पर प्रार्थना सभा की आड़ में झाड़-फूंक, चमत्कार और प्रलोभन के माध्यम से लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सकलडीहा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और सभा को रुकवा दिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने सात बाइबिल, करीब 50 ईसा मसीह से संबंधित स्मारिकाएं, बड़ी संख्या में धार्मिक पोस्टर तथा अन्य प्रचार सामग्री बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने सभी सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने मौके से धीरज, राजेश मौर्य, गुड्डू, कमलेश, दिनेश पटेल और अजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अजीत कुमार के विरुद्ध पहले भी धर्मान्तरण के आरोप में मुकदमा दर्ज है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों के बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है। यदि जांच में प्रलोभन, झाड़-फूंक, चमत्कार या अन्य माध्यमों से धर्म परिवर्तन कराने की पुष्टि होती है, तो संबंधित आरोपियों के विरुद्ध लागू कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबर लिखे जाने तक पुलिस बरामद दस्तावेजों, धार्मिक साहित्य और अन्य साक्ष्यों की जांच के साथ गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर जेल भेजने की कार्रवाई में जुटी है।