चंदौली।कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ चंदौली पुलिस सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में भी लगातार कार्य कर रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत थाना सकलडीहा स्थित मिशन शक्ति केंद्र ने एक बिछड़े दंपती के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद का सफल समाधान कर उन्हें पुनः साथ रहने के लिए राजी करा दिया।
जानकारी के अनुसार, पति एवं उसके परिजनों के विरुद्ध पारिवारिक विवाद संबंधी प्रार्थना पत्र मिलने के बाद दोनों पक्षों को नोटिस एवं मोबाइल के माध्यम से थाना सकलडीहा स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाया गया। यहां पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को पारिवारिक मूल्यों और रिश्तों के महत्व के बारे में समझाते हुए धैर्यपूर्वक काउंसिलिंग की।
लंबी बातचीत और समझाइश के बाद पति-पत्नी ने बिना किसी दबाव के अपनी-अपनी गलतियों को स्वीकार करते हुए नए सिरे से सम्मान और विश्वास के साथ दांपत्य जीवन शुरू करने की सहमति जताई।
इसके बाद मिशन शक्ति केंद्र ने दोनों के बीच विवाद समाप्त कराते हुए दंपती को परिजनों के साथ खुशी-खुशी उनके घर भेज दिया। पुलिस का यह प्रयास न केवल एक परिवार को टूटने से बचाने में सफल रहा, बल्कि समाज में पारिवारिक सौहार्द और आपसी विश्वास को भी मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हुआ।
Comments (0)