चंदौली।बिहार में अवैध शराब की खेप पहुंचने से पहल चंदौली जनपद की अलीनगर पुलिस ने बड़ी कार्यवाई करते हुए 1035 लीटर अवैध देशी शराब से लदे एक ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम ने 13 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर भारत पेट्रोलियम के मुख्य गेट से लगभग 500 मीटर पहले ग्राम सरेसर के पास वाहन चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या UP65BT3990 को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में 23 बोरियों में रखी कुल 115 पेटी ब्लू लाइम ब्रांड की देशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 45 टेट्रा पैक (200 मिली) थे। इस प्रकार कुल 1035 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार चालक की पहचान राकेश कुमार (28 वर्ष) पुत्र रामेश्वर शाह, निवासी ग्राम सोनहर, थाना शिवसागर, जनपद रोहतास (बिहार) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 445/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वाहन स्वामी के कहने पर वाराणसी से शराब लादकर बिहार पहुंचाने का काम करता था और इसके बदले अच्छा मुनाफा मिलता था। उसने बताया कि रिंग रोड पर पचपेड़वा के पास बोल्डर लगे होने के कारण वह इस बार दूसरे रास्ते से बिहार जा रहा था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब बिहार में तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक धुरेन्द्र प्रसाद सहित अलीनगर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
Comments (0)