चंदौली जनपद के सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर ड्रम में रखे सिग्नल केबल की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत का 26 मीटर 12-कोर सिग्नलिंग केबल, आरी, दो मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की रात सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर रखे ड्रम से अज्ञात चोर करीब 25-30 मीटर सिग्नलिंग केबल काटकर ले गए थे। मामले में स्टेशन पर तैनात एसआईएम रामनारायण राय की तहरीर पर सकलडीहा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 12 अगस्त की रात करीब दो बजे चतुर्भुजपुर बाजार में चेकिंग के दौरान घटना में शामिल तीन आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने आरी से केबल काटकर चोरी की थी और पल्सर बाइक से उसे बेचने के लिए कबाड़ी बनारसी चौहान के पास ले गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार राय उर्फ दिलीप, दिलीप राय और रोहित राय निवासी दिघवट, थाना चन्दौली तथा माल खरीददार बनारसी चौहान निवासी चतुर्भुजपुर शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 317(4) की बढ़ोतरी की गई है।
Comments (0)