चन्दौली। अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने गुरुवार को थाना धीना का औचक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना थाने पहुंचे एसपी ने कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेख, मालखाना, बैरक और मेस समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां व्यवस्थाओं को बेहतर रखने के निर्देश दिए, वहीं कार्य में ढिलाई मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों को कड़ी फटकार लगाई।
एसपी ने थाना कार्यालय और महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचकर फरियादियों की समस्याओं तथा उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि थाने आने वाले प्रत्येक पीड़ित की शिकायत संवेदनशीलता के साथ सुनकर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। सीसीटीएनएस कक्ष के निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन एफआईआर, प्राथमिकी और अपराध संबंधी डाटा को रियल टाइम अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर और बीट सूचना रजिस्टर का भी अवलोकन किया। सभी अभिलेखों को अद्यतन और व्यवस्थित रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी। मालखाने में लंबित माल तथा सीज वाहनों की स्थिति देखते हुए न्यायालय के आदेश के अनुसार उनका नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने थाना प्रभारी को रात्रि गश्त बढ़ाने, सघन वाहन चेकिंग करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। लंबे समय से फरार वांछित अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी अभियान चलाने को कहा। महिला एवं बाल सुरक्षा के तहत मिशन शक्ति केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रखने, शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा मनचलों के खिलाफ एंटी रोमियो अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिसकर्मियों के बैरक और मेस का निरीक्षण कर साफ-सफाई की स्थिति देखी। जवानों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए संबंधितों को निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की सेवा, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के पालन में किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर वैधानिक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)