चंदौली।उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ, जनपद इकाई चंदौली ने आरटीई एक्ट लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर लोकसभा सांसद वीरेन्द्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। संघ ने संसद के वर्तमान सत्र में कानून में संशोधन अथवा आवश्यक विधायी पहल करने का अनुरोध किया।
जिला अध्यक्ष आनंद कुमार पांडेय और जिला महामंत्री सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के हालिया निर्णय के बाद आरटीई लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए भी सेवा में बने रहने और पदोन्नति हेतु टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य हो गया है। यदि शिक्षक 31 अगस्त 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण नहीं कर पाते हैं तो उन्हें सेवा से मुक्त किए जाने की स्थिति बन सकती है।
शिक्षक संघ का कहना है कि 23 अगस्त 2010 की एनसीटीई अधिसूचना से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी का कोई प्रावधान नहीं था। ऐसे में 20 से 25 वर्ष की सेवा दे चुके शिक्षकों को अब टीईटी के लिए बाध्य करना न्यायसंगत नहीं है।
संघ ने सांसद से मांग की कि सरकार के माध्यम से संसद में आवश्यक संशोधन या विशेष कानून लाकर पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा और भविष्य को सुरक्षित किया जाए। सांसद वीरेन्द्र सिंह ने संगठन को आश्वस्त किया कि शिक्षकों की आजीविका, मान-सम्मान और सेवा सुरक्षा के लिए संसद में प्राइवेट बिल लाने तथा आवश्यक संशोधन कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष शशिकांत गुप्त, ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, ब्लॉक मंत्री हिमांशु कुमारी तिवारी, जिला प्रवक्ता बलराम पाठक, संदीप कुमार दुबे, मेराज अहमद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Comments (0)