चंदौली। जनपद के सकलडीहा कस्बा निवासी एक साधारण व्यापारी परिवार से निकलकर आदर्श जायसवाल ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन देश की अग्रणी निजी अंतरिक्ष कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस, हैदराबाद में जीएनसी (गाइडेंस, नेविगेशन एंड कंट्रोल) इंजीनियर के पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

कस्बा सकलडीहा रोड स्थित प्रसिद्ध लड्डू कपड़ा घर के संचालक धनंजय जायसवाल के पुत्र आदर्श ने पारिवारिक व्यवसाय से अलग राह चुनते हुए विज्ञान और अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। उनके चयन की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में हर्ष की लहर दौड़ गई।

आदर्श की प्रारंभिक शिक्षा सेंट जॉन्स स्कूल, चंदौली से हुई। इसके बाद उन्होंने सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस), वाराणसी से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने वाराणसी में आईआईटी की तैयारी की, फिर कोलकाता से बीटेक तथा आईआईटी खड़गपुर से एमटेक की डिग्री प्राप्त की। पढ़ाई के दौरान उन्हें कई प्रतिष्ठित कंपनियों से आकर्षक नौकरी के प्रस्ताव मिले, लेकिन उनका लक्ष्य अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में कार्य करना था। अपनी लगन और मेहनत के बल पर उन्होंने यह सपना साकार कर दिखाया।

पिता धनंजय जायसवाल ने बताया कि आदर्श बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे हैं। वे अपनी बड़ी बहन आकांक्षा जायसवाल के साथ घंटों अध्ययन किया करते थे। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपनी पत्नी रश्मि नवीन जायसवाल को भी दिया, जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा ने आदर्श को आगे बढ़ने की शक्ति दी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री आकांक्षा जायसवाल भी बेंगलुरु की एक प्रतिष्ठित कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।

धनंजय जायसवाल ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे हासिल करने का दृढ़ संकल्प हो, तो कोई भी बाधा सफलता की राह नहीं रोक सकती। आदर्श जायसवाल की यह उपलब्धि आज केवल सकलडीहा ही नहीं, बल्कि पूरे चंदौली जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।