चंदौली। जनपद के विकासखंड चहनियां अंतर्गत ग्रामसभा बनसिंहपुर (पुरवां) निवासी होनहार छात्र आयुष तिवारी ने नीट (NEET) 2026 परीक्षा में पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 11040 प्राप्त कर अपने गांव, क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

आयुष, छोटे किसान धनंजय तिवारी के पुत्र तथा अजीत तिवारी के भतीजे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। अपनी मेहनत, लगन और माता-पिता के सहयोग से आयुष ने देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली नीट में पहली ही कोशिश में उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो आयुष ने वनिता पब्लिक स्कूल, लहुराबीर (वाराणसी) से हाईस्कूल में 91.4 प्रतिशत तथा बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल, पड़ाव (वाराणसी) से इंटरमीडिएट में 87 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। उनकी इस सफलता से दोनों शिक्षण संस्थानों का भी गौरव बढ़ा है।

अपनी सफलता का श्रेय आयुष ने माता-पिता, गुरुजनों और उनके आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, नियमित अध्ययन और परिवार के निरंतर सहयोग से ही यह मुकाम हासिल हो सका।

आयुष की इस उपलब्धि पर परिजनों, ग्रामीणों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।