प्रयागराज, 26 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का प्रयागराज जनपद स्तरीय शुभारंभ शनिवार को हंडिया पीजी कॉलेज, हंडिया में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्राध्यापकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर पात्र शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भदोही के सांसद डॉ. विनोद कुमार विन्द रहे, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती विनीता सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. (डॉ.) सुनीता जायसवाल तथा नोडल अधिकारी प्रो. ओमप्रकाश विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. अनुराग मालवीय द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।

इस अवसर पर हंडिया पीजी कॉलेज, कुल भास्कर डिग्री कॉलेज, लाला लक्ष्मी नारायण डिग्री कॉलेज, प्रयाग महिला विद्यापीठ तथा महिला सेवा सदन डिग्री कॉलेज के प्राध्यापकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि सांसद डॉ. विनोद कुमार विन्द एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह ने शिक्षकों को कार्ड वितरित करते हुए उन्हें योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

स्वागत भाषण में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. (डॉ.) सुनीता जायसवाल ने सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं सम्मान की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार का एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के भविष्य का निर्माण करते हैं और उनका स्वस्थ रहना शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य अतिथि सांसद डॉ. विनोद कुमार विन्द ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के वास्तविक शिल्पकार हैं। उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा तभी वे पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ नई पीढ़ी का मार्गदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में लगातार जनहितकारी योजनाएं लागू कर रही है। यह योजना शिक्षकों के प्रति सरकार की संवेदनशील सोच का प्रमाण है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. वी.के. सिंह ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत सूचीबद्ध (पैनल) अस्पतालों में शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे उपचार के दौरान उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक ज्ञान, संस्कार और नैतिक मूल्यों के संवाहक हैं तथा उनका सम्मान, सुरक्षा और स्वास्थ्य संरक्षण सरकार एवं समाज की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती विनीता सिंह ने कहा कि शासन की प्रत्येक जनहितकारी योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुगमता से पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य करेगा।

कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन डॉ. शैलेन्द्र कुमार यादव ने किया। अंत में हंडिया पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विवेक पांडेय ने सभी अतिथियों, शिक्षाविदों एवं उपस्थित प्राध्यापकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना शिक्षकों को स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से मुक्त कर उन्हें अधिक उत्साह, आत्मविश्वास और समर्पण के साथ शिक्षण कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।

समारोह में प्रयागराज जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक, शिक्षाविद एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों में योजना को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित शिक्षकों ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। यह योजना भविष्य में शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।