मुगलसराय/चंदौली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय सोमवार को मुगलसराय पहुंचे, जहां उन्होंने काली माता मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान हुई दुर्घटना में मृत बलदेव यादव (झींगुरी) के डाड़ी स्थित आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने स्वर्गीय बलदेव यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी।

परिजनों से बातचीत के दौरान अजय राय ने घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा पूरे मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान मुआवजा राशि पर्याप्त नहीं है और इससे पीड़ित परिवार के साथ न्याय नहीं हो सकता।

इस दौरान अजय राय ने राज्य सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में गरीबों के घर उजाड़े जा रहे हैं और धार्मिक स्थलों को भी नहीं बख्शा गया। उन्होंने कहा कि पड़ाव चौराहे से गोधना मोड़ तक लगभग 23 मंदिरों समेत अन्य धार्मिक स्थलों को हटाया गया, जिनमें करीब 200 वर्ष पुराना काली माता मंदिर भी शामिल है। उनके अनुसार इस मंदिर से क्षेत्र ही नहीं बल्कि दूर-दराज के लोगों की भी गहरी आस्था जुड़ी थी।

अजय राय ने कानून-व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, खाद की कालाबाजारी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित परिवार के साथ न्याय नहीं हुआ तो कांग्रेस इस मामले में आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी, शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, आनंद शुक्ला, हीरालाल शर्मा, धर्मेंद्र तिवारी, दयाराम पटेल, रामजी गुप्ता, शाहिद तौसीफ, डॉ. सुल्तान खान, माधवेंद्र मूर्ति, राकेश पाठक, राज किशोर सिंह, राममूरत गुप्ता, नवीन पांडेय, संतोष तिवारी, रामानंद यादव, सैयद अब्बास, असद इकबाल, दिनेश चंद्र, प्रेमचंद गुप्ता, कन्हैया मोदनवाल, रामाश्रय रावत, रमेश पांडे, संतोष चौबे, प्रदीप जायसवाल, प्रदीप मिश्रा, अनवर अहमद, डॉ. इम्तियाज अंसारी, गब्बर हाशमी, टीपू सुल्तान, सलीम भाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।