चंदौली। महिला कल्याण विभाग की ओर से मंगलवार को चंदौली जनपद के नौगढ़ ब्लॉक के ललतापुर गांव में 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' योजना के अंतर्गत महिला एवं बालिका स्वावलंबन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 70 बालिकाओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी पहचान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के प्रति भी जागरूक किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग के सदस्य धर्मेंद्र सिंह, ताहिर हुसैन, जिला मिशन को-ऑर्डिनेटर रागिनी सिंह, रंजना श्रीवास्तव सहित विभागीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Comments (0)