प्रयागराज, 26 जुलाई। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को सोरांव तहसील के ग्राम पुरुषोत्तमपुर उर्फ गारापुर पहुंचे, जहां उन्होंने अमृत सरोवर परिसर में आयोजित भव्य चौपाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत 3 करोड़ 25 लाख 97 हजार रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का बटन दबाकर शिलान्यास किया तथा अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, आवास की चाभी और डेमो चेक वितरित किए।

कार्यक्रम की शुरुआत उपमुख्यमंत्री ने अमृत सरोवर परिसर में स्थापित महात्मा बुद्ध, भगवान परशुराम, महाराणा प्रताप, सरदार वल्लभभाई पटेल, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं एवं अशोक स्तंभ (अशोक की लाट) का अनावरण कर की। इसके पूर्व उन्होंने परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। इसके बाद आयोजित चौपाल में उन्होंने दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याण योजनाओं के स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मंच से विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक तथा आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चाभियां भी सौंपी। इस अवसर पर उन्होंने अमृत सरोवर परिसर एवं नवनिर्मित विकास खंड कार्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।

अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और महिलाएं तथा बेटियां स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीब को आत्मनिर्भर बनाना, किसानों की आय बढ़ाना, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करना है।

उन्होंने बताया कि देश में अब तक 3 करोड़ महिलाएं "लखपति दीदी" बन चुकी हैं और आने वाले समय में इस संख्या को 6 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने घोषणा की कि शीघ्र ही महिला क्रेडिट कार्ड उद्यमी योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को 20 हजार रुपये तक की राशि क्रेडिट कार्ड के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि समूह की महिलाओं ने बैंक ऋण समय पर लौटाकर अपनी ईमानदारी और आत्मनिर्भरता का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है और यह तभी संभव होगा जब गांवों का समग्र विकास होगा। उन्होंने कहा कि हर घर तक नल से जल, प्रत्येक गरीब को पक्का आवास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार और किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी राम जी योजना गांवों की तस्वीर के साथ-साथ वहां रहने वाले लोगों की तकदीर भी बदलने का माध्यम बनेगी।

उन्होंने कहा कि आज प्रयागराज सहित प्रदेशभर में सड़कों का व्यापक विकास हुआ है, बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हुई है, गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से इलाज की सुविधा उपलब्ध हो रही है। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है तथा डीबीटी व्यवस्था लागू होने से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। उन्होंने लोगों से सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री ने 5 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवनिर्मित सृजित विकास खंड सहसों कार्यालय के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 8 करोड़ 73 लाख रुपये तथा 2 करोड़ 24 लाख रुपये के डेमो चेक प्रदान किए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके आवासों की चाभियां भी सौंपीं।

कार्यक्रम में विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, गंगापार जिला अध्यक्ष निर्मला पासवान, पूर्व जिला अध्यक्ष कविता पटेल, ब्लॉक प्रमुख सहसों गीता सिंह, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उपायुक्त स्वरोजगार, खंड विकास अधिकारी सहसों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विकास योजनाओं, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण उत्थान को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को विस्तार से प्रस्तुत किया गया।