बच्चों के लिए गेमिंग जोन, नई राइड्स और मनोरंजक गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश
प्रयागराज। शहर के प्रमुख पार्कों को और अधिक आकर्षक, सुविधाजनक एवं बच्चों के अनुकूल बनाने की दिशा में मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने शुक्रवार को तीन प्रमुख पार्कों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपाध्यक्ष प्रयागराज विकास प्राधिकरण ऋषिराज सहित संबंधित अधिकारियों के साथ सुमितानंदन पंत पार्क (हाथी पार्क), ट्रैफिक पार्क एवं पी.डी. टंडन पार्क का जायजा लिया। इस दौरान पार्कों के जीर्णोद्धार, लैंडस्केपिंग में सुधार और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुमितानंदन पंत पार्क (हाथी पार्क) के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के गेमिंग जोन विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने हाथी राइड के समीप दो अतिरिक्त हाथी स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे बच्चों के लिए आकर्षण बढ़ाया जा सके। पार्क में बोटिंग के लिए बनाई गई छोटी झील के जीर्णोद्धार और उसे बेहतर स्वरूप देने को भी कहा गया। इसके साथ ही पार्क में आने वाले लोगों के लिए खान-पान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए टेंडर के माध्यम से सेवा प्रदाताओं को आबद्ध करने को कहा गया।
इसके बाद मंडलायुक्त ने ट्रैफिक पार्क का निरीक्षण किया। वर्तमान में पार्क में गो-कार्टिंग, बच्चों के लिए 5D थिएटर और विभिन्न राइड्स की सुविधा उपलब्ध है। मंडलायुक्त ने कहा कि मौजूदा सुविधाओं के साथ बच्चों के बीच वर्तमान समय में लोकप्रिय मनोरंजक गेम्स और गतिविधियों को भी शामिल किया जाए। इससे पार्क को अधिक आकर्षक और मनोरंजक बनाया जा सकेगा तथा बच्चों के साथ आने वाले परिवारों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित विकास कार्यों को केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित न रखा जाए, बल्कि बच्चों और परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं का विकास किया जाए। उन्होंने संबंधित एजेंसियों से आवश्यक सुझाव प्राप्त कर सभी प्रस्तावों को समेकित करने को कहा।
मंडलायुक्त ने उपाध्यक्ष पीडीए को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर आगामी बैठक में उसका प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया जाए, ताकि पार्कों के विकास एवं जीर्णोद्धार की दिशा में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Comments (0)