चंदौली। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन चंदौली स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रमुख मंदिरों एवं कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, यातायात डायवर्जन, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए, खुले नालों को ढंकवाया जाए तथा पूरे मार्ग पर स्वच्छता और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मंदिरों तथा प्रमुख मार्गों पर आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर ने कहा कि श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। प्रमुख मंदिरों, कांवड़ मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्जन लागू करने, पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
Comments (0)