चंदौली। दुल्हीपुर महावलपुर बचाओ संघर्ष मोर्चा एवं किसान न्याय मोर्चा की संयुक्त बैठक रविवार को दुल्हीपुर स्थित कैंप कार्यालय में चितरंजन सोनकर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में दुल्हीपुर-महावलपुर सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित दुकानदारों और भूस्वामियों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक लोक निर्माण विभाग एवं राजस्व विभाग भूमि और मकानों के अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर प्रभावितों को मुआवजा नहीं दे देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मोर्चा के संरक्षक रतन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रभावितों को भूमि अधिग्रहण, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013 के तहत मुआवजा और पुनर्वास का लाभ मिलना चाहिए तथा प्रक्रिया पूरी होने से पहले किसी भी परिवार की दुकान या मकान न तोड़ा जाए।

उन्होंने उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने की भी मांग की। किसान न्याय मोर्चा के संयोजक एडवोकेट महेंद्र यादव ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण में सहयोग रहेगा, लेकिन प्रभावितों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नियमों का पालन नहीं किया गया तो मोर्चा कानूनी लड़ाई अंत तक लड़ेगा।

बैठक में रतन कुमार श्रीवास्तव, एडवोकेट महेंद्र यादव, इंद्रजीत शर्मा, शमीम मिल्की, डॉ. आर.के. शर्मा, महेंद्र शर्मा, सूरज कुमार, बादल विश्वकर्मा, त्रिलोकी गुप्ता, परवेज, एडवोकेट नसीम, श्यामलाल, बबलू, गोपाल शर्मा, अमरनाथ, कुंदन सोनकर, बाबू सोनकर, सुशील, विकास सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।