प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 12 जुलाई को आयोजित किए जा रहे प्रदेशव्यापी 'एक पेड़ मां के नाम' वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को सफल बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष अभियान के तहत पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र, खुसरोबाग, प्रयागराज की पौधशाला से शनिवार को बड़े पैमाने पर पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया।
पौधशाला से कुल 32,500 बीजू पौधे 155 लोगों एवं संस्थाओं को वितरित किए गए। पौधे प्राप्त करने वालों में केंद्रीय सुरक्षा बल, भारतीय सेना, प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए), भारतीय रेलवे, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, राजनीतिक दलों के स्थानीय कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल रहे। सभी ने सरकार के वृक्षारोपण महाअभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का भरोसा दिया।
औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के माध्यम से लोगों को पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में योगदान दे सकें।
रविवार, 12 जुलाई 2026 को संयुक्त निदेशक उद्यान विभाग, लखनऊ डॉ. वीरेन्द्र सिंह खुसरोबाग उद्यान में अमरूद, आम सहित विभिन्न फलदार प्रजातियों के मातृ पौधों का रोपण कर अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर उद्यान विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे।
औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र, खुसरोबाग की पौधशाला प्रभारी वी. के. सिंह ने बताया कि रविवार को भी पौधशाला आम जनता के लिए खुली रहेगी। जो लोग 'एक पेड़ मां के नाम' महाअभियान में भाग लेना चाहते हैं, वे पौधशाला से निःशुल्क पौधे प्राप्त कर अपने घर, खेत, विद्यालय, संस्थान या सार्वजनिक स्थानों पर उनका रोपण कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
Comments (0)