वाराणसी। नई सुबह संस्थान में शनिवार को "द गट–ब्रेन कनेक्शन एंड इट्स मैनेजमेंट" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, स्टाफ नर्सों, मनोवैज्ञानिकों तथा विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर आंत और मस्तिष्क के संबंध तथा मानसिक स्वास्थ्य प्रबंधन से जुड़ी नवीन जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अवनीश राय (केयर हॉस्पिटल), नई सुबह संस्थान के निदेशक डॉ. अजय तिवारी, डॉ. राहुल शर्मा एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य वक्ता डॉ. अवनीश राय ने गट–ब्रेन कनेक्शन, मानसिक स्वास्थ्य पर उसके प्रभाव तथा उसके प्रभावी प्रबंधन के वैज्ञानिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं डॉ. अजय तिवारी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं।

समापन समारोह में जीवक मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. सुनील गौतम, प्राचार्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव तथा वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

डॉ. अजय तिवारी ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अर्पिता मिश्रा, राजीव कुमार सिन्हा, अमरेश कुमार यादव, डॉ. जी.सी.के. परेरा तथा एम.फिल. (क्लिनिकल साइकोलॉजी) के विद्यार्थियों सहित संस्थान के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन सुश्री रालिका तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अजय तिवारी ने प्रस्तुत किया।